–चौठारी महोत्सव के साथ 5 दिवसीय महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव संपन्न, भजनों से गूंजा शिवशक्ति धाम
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत बरियारपुर-मोहनपुर स्थित शिवशक्ति धाम में धर्मादा कमिटी के तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव सह संगीत सम्मेलन का 39वां अधिवेशन मंगलवार की सन्ध्या चौठारी महोत्सव के साथ मंगलमय माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने बाबा भोलेनाथ और मां पार्वती की चौठारी मिथिला की पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मनाई।इस दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुमधुर गीतों से माहौल धार्मिक एवं कर्णप्रिय बना रहा।इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। प्रसाद वितरण के साथ यज्ञ का समापन किया गया।

इससे पहले सोमवार की संध्या आयोजित संगीत सम्मेलन में विजय राय एवं उनकी टीम ने भक्ति कीर्तन और सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं रात्रि में प्रसिद्ध कलाकार पूजा यादव ने भजनों और हिंदी गीतों की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय बना दिया। उनके ‘भोलेनाथ तेरी महिमा’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ और ‘काहे तेरी अंखियों में पानी’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरा धाम ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में धर्मादा कमिटी के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कौशल किशोर ठाकुर, सीताराम सिंह, नारायण गिरी, रमेश ठाकुर, राघवेंद्र ठाकुर, पुरुषोत्तम सिंह, गोपाल, बैजू झा, अजीत शरण, गोलू गिरी, अखिलेश गिरी, गौरव गिरी सहित युवाओं और ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। महोत्सव ने क्षेत्र में भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।














