Advertisement

चार जिंदा गोली व नशीले पदार्थ के कारोबार का खुलासा, राजापाकर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

–चार जिंदा गोली व नशीले पदार्थ के कारोबार का खुलासा, राजापाकर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

राजापाकर (राजापाकर) – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर पुलिस प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार जिंदा गोली और नशीले पदार्थ के कारोबार से जुड़े सामान के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ बाकरपुर पंचायत के पनसल्ला चौक पर गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बखरी बराई पंचायत के वार्ड नंबर 7 निवासी राजकुमार राय अवैध गोली और नशीले पदार्थ का कारोबार करता है और उसे छापेमारी कर पकड़ा जा सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम उसके घर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति घर के पीछे से भागने लगा, जिसे जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजकुमार राय (35 वर्ष), पिता रामेश्वर राय, ग्राम बखरी बराई बताया।


घर की तलाशी के दौरान बेडरूम में तकिये के नीचे छिपाकर रखी चार जिंदा गोली बरामद की गई। इसके अलावा दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन डायरी जिनमें पैसों और बिक्री का हिसाब-किताब दर्ज था, भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि तराजू से स्मैक की तौल कर बिक्री करता था और बरामद नकद राशि उसी धंधे की है। मोबाइल जांच में व्हाट्सएप पर लेन-देन और फोटो भी मिले हैं।
पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपी को थाना लाया। अवैध रूप से जिंदा कारतूस रखना आर्म्स एक्ट के तहत संगीन अपराध है। कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में हाजीपुर कोर्ट भेज दिया गया। इस संबंध में 24 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप है।