-घने कोहरे ने मचाई तबाही, मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच पर तीन एंबुलेंस सहित आधा दर्जन वाहन टकराए
-बेनीबाद के केवटसा मोड़ के पास भीषण हादसा, असम नंबर एंबुलेंस के परखच्चे उड़े, तीन गंभीर
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार में जारी भीषण ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ सड़क यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोमवार की सुबह मुजफ्फरपुर-दरभंगा नेशनल हाईवे पर बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा मोड़ के समीप घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कम विजिबिलिटी की वजह से तीन एंबुलेंस सहित लगभग आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए।
इस हादसे में असम नंबर की एक एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। एंबुलेंस में सवार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस में एक मरीज वेंटिलेटर और ऑक्सीजन के सहारे सफर कर रहा था।
हादसे के बाद एंबुलेंस के अंदर चालक और मरीज के परिजन फंस गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए लाठी-डंडे व लोहे की रॉड की मदद से एंबुलेंस के गेट और शीशे तोड़े। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला जा सका।

घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों व्यक्तियों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण आगे चल रहे किसी वाहन के अचानक ब्रेक लेने या धीमे होने से पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक टकराती चली गईं।
सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। बेनीबाद थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।







