-गोढीयारी स्कूल में शिक्षकों की मनमानी से ग्रामीण आक्रोशित, महिला शिक्षिका के समर्थन में उतरे लोग
मुजफ्फरपुर/गायघाट।
गायघाट प्रखंड के गोढीयारी स्कूल में शनिवार सुबह ग्रामीणों का भारी जमघट लगा रहा। लोग आक्रोशित होकर शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कई शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते और बच्चों को सही तरीके से पढ़ाई नहीं कराते।
बताया जाता है कि इस विद्यालय में दो स्कूल संचालित होते हैं। बागमती नदी किनारे बसे गोढीयारी त्रिमुहान के लोग लदौर और सुस्ता पंचायत से आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या काफी पुरानी है, कुछ शिक्षक तो महीनों से विद्यालय में दिखाई ही नहीं देते।

इस बीच, गांव के लोगों ने एक महिला शिक्षिका के पक्ष में खुलकर समर्थन जताया। ग्रामीणों ने कहा कि वह पढ़ाना चाहती हैं लेकिन अन्य शिक्षक उन्हें पढ़ाने नहीं देते और लगातार परेशान करते रहते हैं। इस मुद्दे पर पूरा गांव उस शिक्षिका के साथ एकजुट होकर खड़ा दिखाई दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक कुमार ने इस मामले पर मीडिया के सामने कुछ भी कहने से परहेज किया। वहीं, कुछ ग्रामीण आगे बढ़कर आपसी समझौता करवाने और विवाद सुलझाने की कोशिश करते भी दिखे।
ग्रामीणों की मांग है कि शिक्षा विभाग इस विद्यालय में जल्द कार्रवाई कर शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाए।











