Advertisement

गृह मंत्री बने सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान: बिहार में अपराधियों और माफियाओं पर चलेगा कड़ा अभियान

-गृह मंत्री बने सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान: बिहार में अपराधियों और माफियाओं पर चलेगा कड़ा अभियान

-स्कूल-कॉलेज के आसपास रोमियो पर विशेष नजर

पटना। ब्यूरो।

बिहार की नई सरकार में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने वाले उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटेल भवन पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दायित्व संभालते ही गृह मंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े और स्पष्ट संकेत दे दिए।

मीडिया से बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में किसी भी तरह का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ़ कहा कि राज्य में मौजूद सभी माफियाओं को चिह्नित कर चुन-चुनकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। गृह मंत्री ने बताया कि सरकार अब तक करीब 400 अपराधियों और माफियाओं की संपत्ति चिह्नित कर चुकी है और कोर्ट में आवेदन भी दिया जा चुका है, आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

स्कूल-कॉलेज के आसपास रोमियो पर विशेष अभियान:

सम्राट चौधरी ने कहा कि स्कूल और कॉलेज के आसपास घूमने वाले मनचलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। छुट्टी के समय पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी, ताकि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

जेल प्रशासन पर सख्ती:

गृह मंत्री ने कहा कि जेलों में मोबाइल फोन मिलने की घटनाओं पर अब पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। इसके साथ ही जेल में जाने वाले भोजन की डॉक्टर द्वारा जांच अनिवार्य होगी। यदि इसके बावजूद किसी तरह की लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर:

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह फैलाना और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ साइबर पुलिस सख्त एक्शन लेगी।

सम्राट चौधरी ने कहा—

> “बिहार में नीतीश कुमार का सुशासन हर हाल में लागू किया जाएगा। अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई होगी।”

गृह मंत्री का यह ऐलान नई सरकार की सख्त कानून-व्यवस्था और अपराधमुक्त बिहार की दिशा में पहला बड़ा संकेत माना जा रहा है।