–गायघाट में हिंसक झड़प: पुलिस पर हमला, एक ग्रामीण की मौत, कई जवान घायल;थानेदार लाइन हाजिर
दीपक कुमार ।मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिस छापेमारी के दौरान हालात अचानक बेकाबू हो गए और पुलिस व ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पथराव, लाठी-डंडे और फायरिंग की घटनाओं से पूरा इलाका दहशत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस पॉक्सो एक्ट एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित मामले (कांड संख्या 343/23) के एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान अभियुक्त पक्ष के लोगों ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों को इकट्ठा कर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
पुलिस का आरोप है कि ग्रामीणों ने पथराव के साथ-साथ लाठी-डंडों और फायरिंग से हमला किया, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर थानाध्यक्ष ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की और किसी तरह पुलिस टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।

इस घटना में थानाध्यक्ष राजा सिंह, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार समेत दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर में चल रहा है।
वहीं, गोली लगने से एक ग्रामीण, जगत वीर राय की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने थानाध्यक्ष राजा सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को 24 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी ने यह भी कहा कि पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए आवेदन की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।











