Advertisement

गायघाट में फरार आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डुगडुगी बजाकर घरों पर चिपकाया गया इश्तिहार

–गायघाट में फरार आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डुगडुगी बजाकर घरों पर चिपकाया गया इश्तिहार

मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक।

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को विशेष अभियान चलाया। न्यायालय के आदेश पर गायघाट थाना की टीम ने करीब 25 फरार आरोपियों के घरों पर डुगडुगी बजवाकर इश्तिहार चिपकाया और उन्हें शीघ्र सरेंडर करने की चेतावनी दी।
पुलिस टीम बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ विभिन्न गांवों में पहुंची। जैसे ही पुलिस गांव में दाखिल हुई, ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मुनादी कर सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई कि संबंधित आरोपी शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट, महिला उत्पीड़न समेत कई गंभीर मामलों में वांछित हैं और लंबे समय से फरार चल रहे हैं।


यह कार्रवाई थाना प्रभारी सरून कुमार मंडल के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी, लेकिन वे बार-बार बच निकल रहे थे। कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद न तो वे कोर्ट में पेश हुए और न ही थाने में हाजिर हुए।
मुनादी के दौरान स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून से भागने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा और पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया।