-गायघाट में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 343 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
गायघाट | दीपक कुमार
गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 343 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार कर एक ऑटो वाहन भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र से होकर नशीले पदार्थों की खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेरुआ कट एवं एनएच-27 के समीप घेराबंदी कर एक संदिग्ध ऑटो को रोका।

तलाशी लेने पर ऑटो से तीन पेटी में कुल 343 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ। मौके से तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष राजा सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और कहां पहुंचाई जानी थी।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।












