–गायघाट थाने में ईद व रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का संकल्प
गायघाट। दीपक कुमार।
ईद उल फितर और रामनवमी के मद्देनजर गायघाट थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता थाना अध्यक्ष राकेश कुमार राय और प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार राय ने की।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने सर्वसम्मति से दोनों त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाने का निर्णय लिया। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय ने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि गायघाट क्षेत्र में सभी समुदाय आपसी भाईचारे के साथ हर पर्व मनाते हैं, जो यहां की सबसे बड़ी पहचान है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से सभी से अपील की गई कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।











