-गंगा दशहरा पर संधान संस्था ने चलाया स्वच्छता अभियान, पूजन अवशिष्ट के प्रबंधन की उठी मांग
पटना, 5 जून। संवाददाता आनंद।
विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा के अवसर पर सामाजिक संस्था संधान द्वारा गंगा नदी के घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने घाटों की ऐतिहासिकता और धार्मिक महत्त्व के बारे में लोगों को जागरूक किया तथा गंगा नदी की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने पूजन अवशिष्ट के उचित प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया। लोगों ने बताया कि पूजन सामग्री को आम कचरे के साथ मिलाकर फेंकना हिंदू आस्था के विरुद्ध है और इससे नदियां भी प्रदूषित होती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूजन अवशिष्ट को मंदिरों और घाटों से अलग तरीके से एकत्र किया जाए और इसके लिए विशेष प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाए। अगर ऐसा किया जाए, तो लोग पूजन सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने से बचेंगे और नदी को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर संस्था के सचिव संजीव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष कुमार, प्रख्यात निर्देशक रीतेश कुमार, फिल्म विश्लेषक प्रशांत रंजन, रंगकर्मी संजय सिन्हा समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर घाट की सफाई की और आम जनमानस को भी इसके लिए प्रेरित किया।
इस अभियान के माध्यम से संधान संस्था ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं — आवश्यकता केवल जागरूकता और समुचित व्यवस्था की है।
#स्वच्छ_गंगा #गंगा_दशहरा #विश्व_पर्यावरण_दिवस #स्वच्छता_अभियान #संधान #पूजन_अवशिष्ट_प्रबंधन #PatnaGhats #CleanGanga #EnvironmentDay2025












