–कांटी अंचल कार्यालय में जनता दरबार, वर्षों पुराने जमीनी विवादों की सुनवाई; कानून हाथ में लेने वालों पर सख्ती के निर्देश
मुजफ्फरपुर/कांटी।
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की गंभीरता से सुनवाई की गई। जनता दरबार में अंचलाधिकारी पिन्टू कुमार तथा कांटी थाना पुलिस के अधिकारियों ने उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई वर्षों से लंबित जटिल मामलों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
जनता दरबार में अंचल क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण अपने-अपने जमीन संबंधी विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन और कब्जे से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। सीओ ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी तथा संबंधित कागजातों का गहन अवलोकन किया।
सुनवाई के दौरान कई मामलों में दोनों पक्षों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया और अगली सुनवाई की तिथि भी निर्धारित की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में विधि-सम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी, ताकि लंबे समय से चल रहे विवादों का स्थायी समाधान हो सके।

अंचलाधिकारी पिन्टू कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन के समक्ष अपने साक्ष्य और दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों तथा आपसी विवाद को बढ़ावा न दें। उन्होंने चेतावनी दी कि जमीन विवाद के नाम पर कानून-व्यवस्था भंग करने या स्वयं कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को समझाया कि किसी भी प्रकार की मारपीट या अवैध कब्जे की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जनता दरबार के आयोजन से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और वर्षों से लंबित मामलों के समाधान की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित रूप से ऐसे शिविरों का आयोजन होने से आम जनता को काफी राहत मिलती है।
#कांटीजनतादरबार #जमीनीविवाद #मुजफ्फरपुरप्रशासन #कानूनव्यवस्था #सीओकांटी












