–कटरा में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयघोष से गूंजा इलाका
मुजफ्फरपुर/कटरा।दीपक। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में कटरा प्रखंड अध्यक्ष नीतीश उर्फ़ गोपाल ठाकुर के नेतृत्व में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पहसौल पुरानी बाजार धर्मशाला से मोदलता मंदिर होते हुए मां चामुंडा मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवा ध्वज के साथ जयघोष लगाए और शिवाजी महाराज के शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया। रास्ते में स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कार्यक्रम में बजरंग दल संयोजक हिमांशु कुमार, गौ रक्षक प्रमुख आदित्य कुमार सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपनाने और युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कार और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। शोभायात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।












