Advertisement

कटरा धनौर में श्रद्धा और साहस का संगम: बाढ़ के बीच पीपा पुल पार कर मां दुर्गा का विसर्जन, वायरल हुआ भावुक कर देने वाला वीडियो

-कटरा धनौर में श्रद्धा और साहस का संगम: बाढ़ के बीच पीपा पुल पार कर मां दुर्गा का विसर्जन, वायरल हुआ भावुक कर देने वाला वीडियो

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

नवरात्र की नवमी से जारी हथिया नक्षत्र की बारिश ने जहां बिहार में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं मुजफ्फरपुर जिले से श्रद्धा और साहस का अद्भुत संगम दिखाने वाला दृश्य सामने आया है।
मुजफ्फरपुर जिले के कटरा में बागमती नदी के पीपा पुल पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण श्रद्धालुओं की टोलियां मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं कांधे पर उठाकर नदी पार करती नजर आ रही हैं।

लगातार बारिश से बागमती नदी उफान पर है, जलस्तर खतरनाक स्तर के आसपास बह रहा है, बावजूद इसके ग्रामीण बिना किसी भय के मूर्ति विसर्जन के लिए नदी पार कर रहे हैं। यह दृश्य जहां देखने वालों को भावुक करता है, वहीं यह लोगों की अटूट आस्था और भक्ति की मिसाल भी पेश करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मौसम और हालात में यह कार्य अत्यंत जोखिम भरा और खतरनाक है, लेकिन श्रद्धालु इसे दैवीय कृपा मानकर निडर होकर आगे बढ़ते जा रहे हैं।

वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर भी भावनात्मक माहौल बना दिया है। लोग श्रद्धालुओं के इस समर्पण की सराहना करते हुए यह भी कह रहे हैं कि कटरा में अब स्थायी पुल की सख्त जरूरत है। हर वर्ष इसी तरह की समस्या लोगों को झेलनी पड़ती है। इस पुल से कटरा एवं औराई प्रखण्ड क्षेत्र का सीधा जुड़ाव हो सकेगा,वहीं कटरा प्रखण्ड की नदी पार की 22 पंचायतों का सीधा जुड़ाव प्रखण्ड मुख्यालय से हो सकेगा।वहीं अंतरजिला सम्पर्क भी क्षेत्र का बढ़ेगा।रोजी-रोजगार की राह भी आसान होगी।

वहीं राजनीतिक माहौल में यह मुद्दा भी तूल पकड़ने लगा है, क्योंकि वर्ष 2025 का विधानसभा चुनाव नजदीक है। ग्रामीणों में वादाखोर नेताओं के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

#मुजफ्फरपुर #कटरा #बागमतीनदी #मूर्तिविसर्जन #श्रद्धाऔरसाहस #पीपापुल #बिहारबरसात #दैवीयकृपा #भक्ति