Advertisement

एलपीजी गैस संकट से भड़का आक्रोश, सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

–एलपीजी गैस संकट से भड़का आक्रोश, सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

धनबाद/झरिया।शतीश। क्षेत्र में एलपीजी गैस की भारी किल्लत से परेशान लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बस्ताकोला रेस्क्यू के समीप धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग पर सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए उन्हें लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सुबह-सुबह सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचने के बावजूद हर दिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि चौधरी गैस एजेंसी में अव्यवस्था के साथ-साथ काला बाजारी भी हो रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर घर तक पहुंचाया जाता था, लेकिन अब उन्हें खुद एजेंसी पर लंबी कतार में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने 4-5 दिन पहले ही भुगतान कर दिया था, इसके बावजूद अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया है।


मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग बस्ताकोला इंडियन गैस एजेंसी के पास जुटने लगे। जब करीब 11 बजे तक एजेंसी नहीं खुली, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
स्थानीय लोगों का यह भी मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब स्थानीय बाजार पर भी पड़ने लगा है, जिससे गैस संकट और गहरा गया है।