Advertisement

एलएस कॉलेज के छात्रों का अनोखा विरोध, ‘भिक्षाटन अभियान’ चलाकर प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोशyh

–एलएस कॉलेज के छात्रों का अनोखा विरोध, ‘भिक्षाटन अभियान’ चलाकर प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश

मुजफ्फरपुर।
लंगट सिंह कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए “भिक्षाटन अभियान” चलाया। इस अभियान के तहत छात्रों ने समाज और विश्वविद्यालय परिसर में जाकर कॉलेज के संचालन के लिए प्रतीकात्मक रूप से भिक्षा मांगी और अपनी नाराजगी जताई।
छात्रों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले कॉलेज में छात्रों ने भूख हड़ताल की थी। उस समय कॉलेज प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया था कि 2 जनवरी 2026 से छात्रावास में छात्रों का रहना शुरू हो जाएगा और अन्य मांगों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। लेकिन मार्च माह बीतने को है, इसके बावजूद अब तक छात्रों की एक भी मांग पूरी नहीं की गई है।


छात्रों का आरोप है कि जब वे अपनी मांगों को लेकर कॉलेज प्रशासन से बात करते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि कॉलेज के पास फंड की कमी है। छात्रों ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कॉलेज के पास परिसर में एक डस्टबिन लगाने तक के पैसे भी नहीं हैं।
इसी उदासीनता के विरोध में छात्रों ने भिक्षाटन अभियान चलाकर समाज और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करने की कोशिश की। छात्रों का कहना है कि यह आंदोलन प्रतीकात्मक है, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि यदि कॉलेज के पास संसाधन नहीं हैं तो क्या छात्रों को ही कॉलेज चलाने के लिए भिक्षा मांगनी पड़ेगी।
छात्रों ने प्रशासन से छात्रावास, लैब, लाइब्रेरी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को जल्द शुरू करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान शिवम, आदित्य, विराट, राहुल, कारण, अमित, रौनक, अमन, गोलू, सचिन, आदित्य मिश्रा, आदर्श मिश्रा, कुणाल, सोनाली, केशर, स्मृति, काजल, खुशी समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।