–एएसआई पर फायरिंग करने वाला कुख्यात एटीएम फ्रॉड पप्पू सहनी पुलिस मुठभेड़ में घायल, 22 एटीएम कार्ड व हथियार बरामद
मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में एएसआई पर फायरिंग करने वाले कुख्यात अपराधी पप्पू सहनी को पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे मेडिकल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने एएसआई विकास कुमार सिंह पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ में वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक हथियार तथा 22 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार पप्पू सहनी एटीएम फ्रॉड गिरोह से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। अन्य जिलों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कांतेश कुमार मिश्रा (एसएसपी) ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह और नेटवर्क के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।














