चंपारण की खबर::
ई-संजीवनी कार्यक्रम में राज्य रैंकिंग में मोतिहारी को मिला पांचवा स्थान : सीएस
– नवंबर माह में ई संजीवनी कार्यक्रम के तहत सबसे अधिक टेलीकंसल्टेशन ओपीडी करने पर हुआ चयन
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
ई-संजीवनी कार्यक्रम के माध्यम से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंदों को चिकित्सीय सुविधाएं विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से मिल रही है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को घर बैठे या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों से विशेषज्ञों की सलाह एवं परामर्श मिलने के साथ ही दवाओं की उपलब्धता से कई तरह की बीमारियों का उपचार हो रहा है। सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि ई-संजीवनी कार्यक्रम के अंतर्गत माह नवंबर 2022 में सबसे अधिक टेलीकंसल्टेशन ओपीडी करने के लिए पूर्वी चंपारण जिले को राज्य के रैंकिंग में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। यह जिले में चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किए गए मेहनत का नतीजा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह अच्छा कार्य करते रहना है, और जिले को प्रथम स्थान पर लाना है।

जिला अनुश्रवण पदाधिकारी भानु शर्मा ने बताया कि ई-टेलीमेडिसीन कंसल्टेंसी के माध्यम से सामान्य स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य आदि से संबंधित परामर्श के अलावा चिकित्सीय सेवाएं भी दी जाती है। बताया कि नवंबर 2022 में पूर्वी चंपारण जिले के द्वारा कुल 10 हजार 739 ओपीडी कंसल्टेशन ईसंजीवनी के माध्यम से कराया गया जिससे पूर्वी चंपारण को पूरे राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
सीएस ने बताया कि-ई संजीवनी टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले जनसामान्य को टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।












