Advertisement

ईरान–इजराइल टकराव से बढ़ी वैश्विक बेचैनी, खाड़ी देशों में फंसे हजारों बिहारी प्रवासी चिंतित

-ईरान–इजराइल टकराव से बढ़ी वैश्विक बेचैनी, खाड़ी देशों में फंसे हजारों बिहारी प्रवासी चिंतित

एजेंसी।
पश्चिम एशिया में जारी जंग जैसे हालात ने दुनिया की सियासत को हिला कर रख दिया है। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने हालात को बेहद संगीन बना दिया है। इसका सीधा असर खाड़ी देशों में रोज़गार कर रहे हजारों भारतीयों, खासकर बिहार के प्रवासियों पर पड़ा है। परिवार वतन में बैठे बेचैनी और डर के साये में दिन गुजार रहे हैं। फोन और वीडियो कॉल के जरिए कुशल-क्षेम ली जा रही है, मगर अनिश्चितता बनी हुई है।
बिहार के बड़ी तादाद में लोग सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ओमान, बहरीन, मलेशिया, जॉर्डन और इराक में काम करते हैं। दोहा में मिथिलांचल के कई परिवार फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन हालात बिगड़ने की आशंका से परेशान हैं।

एयरपोर्ट पर रोके गए यात्री:

हैदराबाद से कतर जाने वाले अररिया और पूर्णिया के कई यात्रियों को उड़ानें प्रभावित होने के कारण एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। मजबूरन उन्हें रात वहीं गुजारनी पड़ी और अब वे बिहार लौटने की तैयारी में हैं। प्रशासन ने हेल्पलाइन जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।

खामेनेई के इंतकाल की खबर से उबाल:

इस बीच अली खामेनेई के इंतकाल की खबर ने पूरे क्षेत्र में भूचाल ला दिया है। तेहरान की सड़कों पर हजारों लोग उतर आए। सरकार ने 40 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान करते हुए नए कमांडर-इन-चीफ की तैनाती कर दी है। मस्जिदों और इमामबारगाहों में फ़ातेहा और दुआओं का दौर जारी है। अवाम ग़म और ग़ुस्से के मिले-जुले जज़्बात में नजर आ रही है।
संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र ने भी क्षेत्रीय अस्थिरता पर गंभीर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है, ताकि हालात और न बिगड़ें।

कराची में बवाल, पुलिस का एक्शन:

कराची, पाकिस्तान में अमेरिका के मिशन के बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। झड़प में एक प्रदर्शनकारी की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है।

भारत में भी असर:

भारत के कई शहरों में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतरकर नाराजगी जता रहे हैं। प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।

खाड़ी देशों में अलर्ट:

कुवैत और सऊदी अरब समेत कई देशों में सुरक्षा अलर्ट जारी है। मिसाइल हमलों की आशंका के बीच कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर 96565501946 जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने को कहा है।

वैश्विक सियासत में बड़ा मोड़:

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम मिडिल ईस्ट की जियो-पॉलिटिक्स में बड़ा बदलाव ला सकता है। नए नेतृत्व और राष्ट्रीय शोक के बीच ईरान अहम दौर से गुजर रहा है। दुनिया की निगाहें अब तेहरान, वॉशिंगटन और तेल अवीव की अगली चाल पर टिकी हैं।
फिलहाल दुआ यही है कि हालात जल्द सामान्य हों और अमन कायम रहे, ताकि हजारों परिवारों की चिंता खत्म हो सके।