आरा में ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में लगी भीषण आग
-करोड़ों के नुकसान का अनुमान
संवाददाता। आरा।
बिहार के भोजपुर जिले में तड़के सुबह एक सनसनीखेज घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। ट्रांसपोर्ट गोदाम में लगी आग से स्थानीय लोग परेशान हो गए। आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें आस-पास के इलाके को अपनी चपेट में लेने को आतुर दिख रही थीं। इस घटना में एक करोड़ से ज्यादा के कपड़े जलकर खाक हो गए। घटना नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर मोहल्ले में घटी। जहां एक निजी कंपनी का ट्रांसपोर्ट गोदाम है। जिसमें दर्जनों व्यापारियों ने टेंट हाउस के लिए कपड़े मंगाकर रखे थे।
देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया। गोदाम के ऊपर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान थी और छत के ऊपर दुकान का गोदाम भी बताया गया। उसी में अचानक आग लगने की घटना हुई। जब आग लगी, तब उसी वक्त बगल के नहर पर बैठकर लोग छठ पूजा कर रहे थे। उसके बाद उन्होंने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। मौके पर घंटों तक अफरा-तफरी मची रही।

सूचना के बाद आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक सारा सामान जल कर खाक हो चुका था। गोदाम में रखे एक टेंट हाउस के मालिक राजू कुमार ने बताया कि अभी लगन और पर्व त्योहार को देखते हुए नए कपड़े मंगाए थे। सभी जल कर खाक हो गए। जिला अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है।









