-“आपकी पूंजी आपका अधिकार” अभियान के तहत निष्क्रिय खातों की वापसी हेतु मुजफ्फरपुर में शिविर आयोजित
-जिलाधिकारी ने किया आह्वान – जल्द कराएं केवाईसी, लौटाएं अपनी पूंजी
————————
मुजफ्फरपुर।ब्यूरो।
भारत सरकार के वित्त सेवा विभाग द्वारा संचालित “आपकी पूंजी आपका अधिकार” अभियान के तहत शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। आरसेटी, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के प्रांगण में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य उन बैंक खातों की राशि खाताधारकों तक वापस पहुंचाना है, जिनमें पिछले 10 वर्षों से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और जो प्रक्रियागत रूप से आरबीआई के पास स्थानांतरित हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में 5,48,914 बैंक खाते लंबे समय से निष्क्रिय रहने के कारण भारतीय रिज़र्व बैंक को ट्रांसफर किए गए हैं, जिनमें कुल 174.58 करोड़ रुपये निहित हैं। भारत सरकार अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच देशभर में इस विशेष अभियान का संचालन कर रही है, ताकि खाताधारक सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपना दावा प्रस्तुत कर सकें और बैंक केवाईसी अपडेट कर राशि की वापसी सुनिश्चित कर सकें।
शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने किया। उन्होंने उपस्थित बैंक अधिकारियों तथा उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान आम लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वर्षों से निष्क्रिय पड़ी उनकी पूंजी अब आसानी से वापस मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी बैंक शाखाएं इस अभियान को प्राथमिकता दें और खाताधारकों को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करें। जिलाधिकारी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे शीघ्रता से अपने बैंकों में जाकर केवाईसी अपडेट कराएं और अपनी जमा धनराशि सुरक्षित रूप से प्राप्त करें।

कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, बैंक ऑफ़ बड़ौदा और बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने भाग लिया। इसके साथ ही भारतीय रिज़र्व बैंक के प्रतिनिधि तथा बीमा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि निष्क्रिय खातों की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल है। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर खाताधारकों को उनकी पूंजी शीघ्र ही उपलब्ध करा दी जाएगी।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने निष्क्रिय खातों की जानकारी प्राप्त करने पहुंचे। बैंक कर्मियों ने लोगों को खाता सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और ऑनलाइन अनुरोध प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का संयोजन और संचालन अग्रणी बैंक अधिकारी श्री दिनेश प्रसाद सिन्हा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ उठा सकें।
“आपकी पूंजी आपका अधिकार” अभियान निरंतर जारी है और जिला प्रशासन तथा बैंकिंग संस्थान मिलकर सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर पात्र खाताधारक अपनी पूंजी पुनः प्राप्त कर सके।













