–आंधी-बारिश से फसलों की तबाही, शिवदाहा पैक्स अध्यक्ष ने मुआवजे की उठाई मांग
गायघाट | दीपक कुमार
प्रखंड के शिवदाहा पंचायत अंतर्गत महेशवारा गांव में रविवार को पैक्स अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के आवास पर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में हुई तेज आंधी और बारिश से किसानों को हुई भारी क्षति पर चिंता जताई गई।
पैक्स अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि अतिवृष्टि और आंधी के कारण क्षेत्र के किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। किसानों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत और धन खर्च कर फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक आई आपदा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

उन्होंने बताया कि गेहूं और मक्का की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। करीब छह माह की मेहनत बर्बाद होने से किसान और उनके परिवार गहरे सदमे में हैं। इसके अलावा अधिक वर्षा के कारण खरीफ मौसम की फसलें जैसे मक्का, ज्वार और बाजरा भी प्रभावित हुई हैं।
वहीं धान, केला और सब्जी की खेती को भी भारी क्षति पहुंची है। विशेष रूप से धान की फसल बारिश के कारण पूरी तरह खराब हो गई है।
पैक्स अध्यक्ष ने बिहार सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें। ग्रामीणों ने भी एक स्वर में सरकार से राहत पैकेज की घोषणा करने की अपील की।









