Advertisement

आंख ऑपरेशन कराने जा रहे मरीजों से भरी बस पलटी, दो दर्जन से अधिक घायल

-आंख ऑपरेशन कराने जा रहे मरीजों से भरी बस पलटी, दो दर्जन से अधिक घायल

बोचहां (मुजफ्फरपुर)।संवाददाता।
मधुबनी से सारण आंख का ऑपरेशन कराने जा रहे मरीजों से भरी एक यात्री बस सोमवार की शाम बोचहां थाना क्षेत्र के मझौली चौक के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। घटना ओवरटेक करने के दौरान हुई बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बोचहां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सीएचसी बोचहां पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से जख्मी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों को निजी नर्सिंग होम में भी भर्ती कराया गया है।
हादसे में जख्मी लोगों में मधुबनी जिले के लौकहा थाना क्षेत्र के एकमा भगनाहा गांव निवासी अघनिया देवी, रासलाल महतो, सीता देवी, जानकी देवी, बसंतलाल राम, शिबू देवी, महेश राम के अलावा फुलपरास थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा निवासी अस्मत अली, जगतपुर निवासी उमाकांत राय, अवध साह, महेश्वर राम सहित अन्य लोग शामिल हैं।


घायल अवध साह ने बताया कि मधुबनी जिले के चार से पांच गांवों में बीते सप्ताह एक शिविर लगाया गया था, जहां आंखों की जांच के बाद सभी को निशुल्क ऑपरेशन का आश्वासन दिया गया था। इसी को लेकर सोमवार को सभी लोग बस से मधुबनी से सारण के लिए रवाना हुए थे। मझौली चौक के पास ओवरटेक करने के दौरान बस पलट गई, जिससे सभी लोग जख्मी हो गए।
इस संबंध में बोचहां थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि बस में करीब 40 लोग सवार थे, जो मधुबनी से सारण किसी निजी नर्सिंग होम में निशुल्क आंख ऑपरेशन कराने जा रहे थे। ओवरटेक के दौरान बस पलट गई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए सीएचसी बोचहां में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है।

दो किलोमीटर लंबा जाम:

मझौली चौक के पास बस पलटने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कारण सड़क वन-वे होने से पुलिस और एम्बुलेंस को मौके पर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने स्कॉर्ट कर एम्बुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचाया। हादसे के कारण दोनों ओर करीब दो किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद समाप्त कराया।