-अब सरकारी अनुदानित धान ने दिया धोखा,बालियों में नहीं निकले दानें!
बन्दरा। दीपक कुमार तिवारी।
किसानों पर लगातार शामत आ रही है अभी के सड़ने का दर्द अभी थमा भी नहीं है कि अब धान की फसल भी दगा देने लगा है। लिहाजा किसानों को जोरदार झटका लगा है। सरकारी अनुदानित धान की बीज अबकी बार फेल करने की खबर सामने आई है। जिसके बाद से किसानों में हड़कंप है। ताजा मामला बन्दरा प्रखंड मुख्यालय वाली पंचायत से सामने आई है। यहां के पूर्व पंचायत समिति सदस्य तथा जदयू नेता एवं किसान मनोज झा ने इसकी शिकायत बन्दरा प्रखंड कृषि पदाधिकारी से की है। उन्होंने कहा है कि सरकारी अनुदानित धान का बीज अपने 1 एकड़ खेत में उन्होंने लगाई थी।

जिसमें तय समय सीमा बीतने के बावजूद भी उनके धान के पौधे में बालियां तो निकले हैं, लेकिन उन बालियों में दाने नहीं निकल सकें हैं। बालियों में आंशिक रूप से हीं दाना आए हैं,लेकिन ज्यादातर बालियां खाली ही है। उन्होंने मामले की शिकायत बन्दरा प्रखंड कृषि अधिकारी से कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अनुदानित धान बीज फेल करने के मामले को लेकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। मनोज झा ने बताया कि बड़ी उम्मीद के साथ उन्होंने सरकारी अनुदानित बीज की बुवाई अपने खेत में की थी।धान बीज देते समय कई तरह के आश्वासन दिए गए थे। उसकी गुणवत्ता को लेकर अधिकारी एवं बीज विक्रेता दुकानदार के द्वारा कई तरह के दावे किए गए थे। जब खेत में धान की फसल में बालियां में दाना नहीं निकली है तो वे आवाक हैं। इस मामले में बन्दरा प्रखंड कृषि अधिकारी अर्जुन पासवान ने बताया कि किसान के द्वारा लिखित शिकायत मिलने के बाद संबंधित किसान के खेत की जांच की गई है। जांच के बाद किसान के आवेदन के साथ आवश्यक रिपोर्ट जिला कृषि पदाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अभी धान की बालियों में दाना निकल ही रहे हैं।कुछ बालियां निकली है,कुछ का निकालना बाकी है। इधर बन्दरा पंचायत से इस तरह का मामला सामने आने के बाद आसपास के किसानों में भी हड़कंप है। खासकर वैसे किसानों में बेचैनी बढ़ गई है।जिन्होंने सरकारी अनुदानित धान की बीजों की बुवाई अपने खेतों में की थी।














