-“अपराजिता” विचार गोष्ठी में पर्यावरण व यातायात समस्याओं पर मंथन
-साहित्यिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मुजफ्फरपुर।
रविवार को स्वयंसेवी संस्था एसोसिएशन ऑफ हेल्पिंग हैंड के तत्वाधान में श्री नवयुवक समिति, छोटी सरैयागंज, मुजफ्फरपुर के सभागार में प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को आयोजित होने वाली मासिक विचार गोष्ठी सह साहित्य समागम “अपराजिता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रियंवदा दास ने की, जबकि संचालन ओम प्रकाश गुप्ता ने किया।
विचार गोष्ठी में पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर प्रमुख वक्ताओं में डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल, डॉ. सिबगतुल्ला हमीदी, डॉ. जगदीश शर्मा, नीलिमा कुमारी, ओम प्रकाश गुप्ता, दिलीप कुमार, बृजनंदन, रामेश्वर सहनी, रामचंद्र महतो, समाधि महाराज, संतोष कुमार, अमलेंदु प्रसाद सिंह एवं अजय कुमार शामिल रहे। बड़ी संख्या में श्रोता भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में “दुनिया को बेहतर बनाए रखने की चुनौती” विषय के अंतर्गत मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र की चरमराती और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण बढ़ते वायु प्रदूषण, पर्यावरण असंतुलन और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त की। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण और सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में अध्यक्ष डॉ. प्रियंवदा दास, कवि ओम प्रकाश गुप्ता, हास्य कवि डॉ. जगदीश शर्मा और शायर सिबगतुल्ला हमीदी ने अपनी कविताओं और ग़ज़लों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंत में कार्यक्रम के संयोजक प्रो. श्री प्रकाश ने सभी वक्ताओं और उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष की अनुमति से आगामी आयोजन तक कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।











