Advertisement

अन्नदाता को ठगने की कोशिश! गायघाट में फर्जी कॉल गिरोह सक्रिय, कृषि विभाग ने चेताया

-अन्नदाता को ठगने की कोशिश! गायघाट में फर्जी कॉल गिरोह सक्रिय, कृषि विभाग ने चेताया

मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक।

गायघाट प्रखंड में किसानों को फर्जी कॉल कर ठगने की कोशिश तेज हो गई है। जालसाज खुद को किसान सलाहकार बताकर फसल सहायता योजना की राशि दिलाने का लालच देकर किसानों से पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं।

फर्जी कॉल से मांग रहा 950 से 1250 रुपए

प्रखंड कृषि कार्यालय के अनुसार 9031797390 नंबर से एक व्यक्ति लगातार किसानों को फोन कर रहा है। वह दावा करता है कि फसल सहायता योजना की राशि किसानों के बैंक खाते में नहीं पहुंची है।
इसके बदले वह गूगल पे या फोनपे से 950 रुपए से 1250 रुपए तक भेजने की मांग करता है और लालच देता है कि इसके बदले उनके खाते में 22300 या 25000 रुपए भेज दिए जाएंगे।

कृषि विभाग ने बताया—यह व्यक्ति 100% फर्जी

प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि यह कॉल पूरी तरह फर्जी है। इसका उद्देश्य किसानों को ठगने और कृषि विभाग व किसान सलाहकार की छवि खराब करने का है।

किसान सलाहकार सुनील ने पहले ही किया सतर्क

पंचायत बेरूआ के किसान सलाहकार सुनील कुमार ने इस संदर्भ में पहले ही सभी किसानों को फोन और संदेश भेजकर सतर्क कर दिया था।
कृषि कार्यालय के अनुसार अभी तक कोई भी किसान ठगी का शिकार नहीं हुआ है।

किसानों से अपील—ओटीपी न बताएं, तुरंत कॉल काटें

कृषि कार्यालय, गायघाट ने सभी किसानों से अपील की है—

किसी भी अनजान कॉल पर भरोसा न करें

किसी भी स्थिति में ओटीपी या बैंक संबंधित जानकारी साझा न करें

संदिग्ध कॉल आते ही तुरंत कॉल काट दें

ऐसी कॉल आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है

कृषि विभाग के कर्मी लगातार किसानों को जागरूक कर रहे हैं ताकि कोई भी अन्नदाता इस ठगी का शिकार न हो सके।

—रिपोर्ट : दीपक कुमार तिवारी