Advertisement

अनुसंधान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 18 पुलिस अधिकारी सम्मानित, बोचहां की अन्नपूर्णा सिंह को विशेष सराहना

-अनुसंधान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 18 पुलिस अधिकारी सम्मानित, बोचहां की अन्नपूर्णा सिंह को विशेष सराहना

मुजफ्फरपुर/बोचहां। जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर एसएसपी कांतेश मिश्रा ने सराहनीय पहल की है। शनिवार को आयोजित क्राइम कंट्रोल मीटिंग में बेहतर अनुसंधान और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित अधिकारियों में बोचहां थाना की महिला हेल्प डेस्क प्रभारी अन्नपूर्णा सिंह का नाम प्रमुख रहा। उन्हें उनके उत्कृष्ट अनुसंधान कौशल और महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका के लिए पुरस्कृत किया गया। उनके साथ बोचहां थाना के ईएसआई प्रीति कुमारी, एसआई प्रमोद पांडे और एसआई रविंद्र कुमार को भी बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया।


इसके अलावा नगर थाना के दारोगा ललन कुमार, सिकंदरपुर की दारोगा रौशनी कुमारी, यातायात थाना के दारोगा लखेंद्र कुमार तथा ब्रह्मपुरा थाना की दारोगा चांदनी कुमारी समेत अन्य अधिकारियों को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस अवसर पर एसएसपी कांतेश मिश्रा ने कहा कि समय पर केस डायरी का संधारण और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करने वाले अधिकारियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में अनुसंधान की गुणवत्ता सबसे महत्वपूर्ण होती है और ईमानदारी व तत्परता से कार्य करने वाले अधिकारियों को पहचान मिलनी जरूरी है, ताकि पूरी टीम का मनोबल बढ़े।
बैठक के दौरान सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, एएसपी नगर-1 सुरेश कुमार तथा एसडीपीओ नगर-2 बिनीता सिन्हा सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।