Advertisement

अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पूर्व मध्य रेल का परचम

–अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पूर्व मध्य रेल का परचम

प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर रचा गौरवपूर्ण इतिहास

हाजीपुर।संवाददाता।

रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) के तत्वावधान में आयोजित प्रथम अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पूर्व मध्य रेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर गौरवपूर्ण इतिहास रचा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारतीय रेल वित्त प्रबंधन संस्थान (IRIFM), सिकंदराबाद में आयोजित की गई, जिसमें भारतीय रेल के विभिन्न जोनों एवं उत्पादन इकाइयों की कुल 28 टीमों ने भाग लिया। इन टीमों में लगभग 84 प्रतिभागियों ने अपनी ज्ञान-प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

पूर्व मध्य रेल की विजेता टीम में लेखा विभाग के सहायक वित्त सलाहकार (बजट) श्री राकेश रंजन लाल तथा इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (ड्राइंग एवं डिजाइन) श्री आमिर परवेज़ एवं कार्यालय अधीक्षक श्री शशिकांत सिंह शामिल थे। टीम के प्रबंधक के रूप में श्री विनय कृष्ण, वरिष्ठ अनुवादक (राजभाषा) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फाइनल चरण में छह टीमों के मध्य हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में पूर्व मध्य रेल की टीम ने अपने गहन ज्ञान, त्वरित उत्तर देने की क्षमता तथा उत्कृष्ट टीम समन्वय के बल पर प्रथम स्थान अर्जित किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में विजेता टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री प्रभात कुमार द्वारा टीम को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री केशव त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। विजेता टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि ने पूर्व मध्य रेल परिवार का मान बढ़ाया है तथा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को नई ऊर्जा प्रदान की है।