Advertisement

अंधविश्वास ने डाली 28 बच्चों की जान पर आफत: चोरी पकड़ने के नाम पर ‘अक्षत’ खिलाया, सभी हुए बीमार

–अंधविश्वास ने डाली 28 बच्चों की जान पर आफत: चोरी पकड़ने के नाम पर ‘अक्षत’ खिलाया, सभी हुए बीमार

-सोने का लॉकेट चोरी होने के बाद शिक्षक ने अपनाई तांत्रिक विधि, अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा छात्रों को

सीतामढ़ी। जिले से अंधविश्वास का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की घटना के बाद चोर पकड़ने के नाम पर बच्चों की सेहत से खिलवाड़ किया गया। मामला रुन्नीसैदपुर प्रखंड स्थित अथरी मिडिल स्कूल का है, जहां कथित तौर पर एक शिक्षक ने तांत्रिक तरीके से ‘सच उजागर’ करने के नाम पर सभी बच्चों को अक्षत (चावल) खिला दिया।
बताया जा रहा है कि स्कूल के एक छात्र का सोने का हनुमान लॉकेट चोरी हो गया था। इसके बाद चोर की पहचान करने के लिए शिक्षक ने अंधविश्वास का सहारा लिया और बाहर से लाए गए अक्षत को बच्चों में बांट दिया। चावल खाने के कुछ ही देर बाद करीब 28 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।


बच्चों को पेट दर्द, जी मिचलाना और सिरदर्द की शिकायत होने लगी, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी बीमार छात्रों को रुन्नीसैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि अंधविश्वास के नाम पर मासूम बच्चों की जान जोखिम में डाली गई। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।