-सरपंच से पुलिसिया मारपीट मामले में गरमाई सियासत, एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने गृह मंत्री से मिलकर की कार्रवाई की मांग
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत में सरपंच के साथ हुई कथित पुलिसिया मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। तिरहुत स्नातक विधान पार्षद(एमएलसी) बंशीधर ब्रजवासी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच एवं दोषी पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एमएलसी ब्रजवासी ने बताया कि बड़गांव पंचायत के सरपंच लालबाबू साहनी ने 6 फरवरी को बड़गांव चौक पर पुलिस द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली और ज्यादती का वीडियो बनाया था। इसी बात से नाराज होकर पियर थाना अध्यक्ष रजनीकांत, उनके वाहन चालक व अन्य पुलिसकर्मियों ने सरपंच की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में सरपंच का पैर टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी को भी लाठी-डंडों से पीटा गया।

घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज कृष्णा मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मुजफ्फरपुर में चल रहा है। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
एमएलसी ने गृह मंत्री को आवेदन सौंपते हुए संबंधित थाना अध्यक्ष व अन्य दोषी पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, संपत्ति की जांच कराने और सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।
वहीं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी को जांच का आदेश दिया है और जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।












