Advertisement

समृद्धि यात्रा के दौरान CM नीतीश कुमार ने सुपौल में विकास योजनाओं की समीक्षा, 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

-समृद्धि यात्रा के दौरान CM नीतीश कुमार ने सुपौल में विकास योजनाओं की समीक्षा, 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

पटना/सुपौल, 10 मार्च।दीपक तिवारी।
Nitish Kumar ने समृद्धि यात्रा के दौरान सुपौल जिले के निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों के साथ हुई समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास और रोजगार सृजन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए राज्य में उद्योग स्थापित करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु कई सुविधाएं और विशेष आर्थिक पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को दक्ष और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से सात निश्चय–3 कार्यक्रम लागू किया गया है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों का विस्तार, नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा आधुनिक नियोजित शहरों के विकास पर कार्य किया जा रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में बेहतर संपर्कता के लिए पांच नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण किया जाएगा, वहीं ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से दो लेन में चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही बिजली ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। पर्यटन सर्किट से जुड़े क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विकास और इको टूरिज्म को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बैठक के दौरान सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रगति यात्रा, सात निश्चय-2 तथा सात निश्चय-3 के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary, जल संसाधन मंत्री Vijay Kumar Choudhary, ऊर्जा मंत्री Bijendra Prasad Yadav, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।