–शिवनाम धुन अष्टयाम से भक्तिमय हुआ शिवशक्ति धाम, महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत शिवशक्ति धाम, बरियारपुर मोहनपुर में महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव को लेकर शनिवार से अष्टयाम महायज्ञ एवं शिवनाम धुन की शुरुआत की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया है।
यज्ञाचार्य पंडित सत्येंद्र झा एवं राजेंद्र झा के नेतृत्व में विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन प्रारंभ कराया गया। शिवनाम संकीर्तन और अष्टयाम धुन से मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव से भजन-कीर्तन में शामिल होकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष महाशिवरात्रि को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाहोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है। इसी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी अष्टयाम महायज्ञ, हवन, जलाभिषेक और विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए धर्मादा कमिटी ने जलाभिषेक और दर्शन की विशेष व्यवस्था की है। रविवार को बाबा बुद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा तथा रात्रि में भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होगा।
इस अवसर पर यजमान गोलू बाबा, धर्मादा कमिटी के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कौशल किशोर ठाकुर, सीताराम सिंह, राघवेंद्र ठाकुर, नारायण गिरी, रमेश ठाकुर, अजीत शरण, हिमांशु कुमार, अखिलेश गिरी समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे दिन चले धार्मिक अनुष्ठान और शिवनाम धुन से शिवशक्ति धाम पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है, जिससे क्षेत्र में आस्था और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
#महाशिवरात्रि #शिवनामधुन #शिवशक्तिधाम #बंदरा #मुजफ्फरपुर #धार्मिकआयोजन












