Advertisement

वाल्मीकिनगर में विकास को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

-वाल्मीकिनगर में विकास को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

पटना/पश्चिम चम्पारण। 05 अप्रैल 2026। दीपक कुमार तिवारी।

नीतीश कुमार ने रविवार को पश्चिम चम्पारण जिले के वाल्मीकिनगर में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वाल्मीकिनगर स्थित दोन नहर शाखा सेवा पथ के पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है और नहर तटबंध पर सड़क का पक्कीकरण भी कराया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह नहर क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और बड़ी संख्या में किसानों को लाभ पहुंचाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने गंडक बांध जलाशय के सामने विकसित हो रहे लव-कुश ईको टूरिज्म पार्क के निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से पार्क में विकसित की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अतिथि भवन तथा वाल्मीकिनगर ईको पार्क का भी भ्रमण किया और गंडक बराज की स्थिति का निरीक्षण किया।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि सभागार परिसर से ‘ईको पर्यटन केन्द्र-वाल्मीकिनगर, प्रमंडल-2, वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य’ का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। साथ ही गोनौली एवं चिउटाहां स्थित गिद्ध संरक्षण केंद्र का उद्घाटन भी किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को जंगल भ्रमण में सुविधा मिलेगी और वाल्मीकिनगर को एक प्रमुख ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद सुनील कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।