Advertisement

राजापाकर में दमकल गाड़ी नहीं, आग लगने पर बढ़ रही तबाही; लोगों में आक्रोश

-राजापाकर में दमकल गाड़ी नहीं, आग लगने पर बढ़ रही तबाही; लोगों में आक्रोश

राजापाकर (वैशाली)। संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड मुख्यालय में दमकल गाड़ी की अनुपलब्धता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं के दौरान समय पर दमकल नहीं पहुंचने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि करीब चार वर्ष पूर्व राजापाकर थाने में एक छोटी दमकल गाड़ी तैनात की गई थी, जिसे बाद में महुआ अनुमंडल बुला लिया गया। तब से आज तक वह गाड़ी वापस नहीं भेजी गई है। इसके कारण छोटी-मोटी आग लगने की घटनाओं में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। हाल के दिनों में जाफरपट्टी, बाकरपुर, राजापाकर उत्तरी और दक्षिणी पंचायतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। लेकिन महुआ से समय पर दमकल नहीं पहुंचने के कारण लोगों को भारी क्षति झेलनी पड़ी।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी महुआ को मौखिक रूप से सूचना दी गई है कि राजापाकर में एक छोटी दमकल गाड़ी की तत्काल आवश्यकता है, ताकि आग लगने की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके।


गौरतलब है कि बीते चार वर्षों में कई बार स्थानीय पदाधिकारियों और थाना अध्यक्षों द्वारा उच्च अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से दमकल गाड़ी की मांग की गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने भी बताया कि आग लगने की घटनाओं में काफी परेशानी होती है और हर बार महुआ से दमकल गाड़ी मंगानी पड़ती है, जिससे देरी होती है।
वहीं, प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, जिला परिषद सदस्या गुंजा कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल, मुखिया उपेंद्र राय, मुखिया अरशद हुसैन, तपसी प्रसाद सिंह, राम अवतार शाह और राजीव रंजन उर्फ पंकज यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने अनुमंडल पदाधिकारी महुआ से अविलंब राजापाकर थाने में दमकल गाड़ी तैनात करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आम जनता सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।