Advertisement

मोतिहारी में पशु तस्करी का खुलासा, पिकअप से 21 मवेशी बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

-मोतिहारी में पशु तस्करी का खुलासा, पिकअप से 21 मवेशी बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। मोतिहारी जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंजरिया थाना क्षेत्र से एक पिकअप वाहन में लदे 21 छोटे-बड़े मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि उनके कुछ अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मवेशियों को लादकर तस्करी के लिए ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर बंजरिया थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस टीम को एक पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार तस्करों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर पिकअप को रोक लिया और उसमें सवार दो आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि, अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।


पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें 21 छोटे-बड़े मवेशी बरामद हुए। बरामद मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की थी। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन लेकर भागने लगे थे, लेकिन पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि वाहन से 21 मवेशी बरामद हुए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।