Advertisement

मुज़फ्फरपुर में प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: मंदिर के पास युवक ने युवती को मारी गोली

-मुज़फ्फरपुर में प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: मंदिर के पास युवक ने युवती को मारी गोली

मुज़फ्फरपुर।जिसे लोग इश्क का नाम दे रहे थे, वही रिश्ता आखिरकार खौफनाक मोड़ पर जाकर खत्म हो गया। सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर सब्ज़ी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के समीप सोमवार शाम एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 21 वर्षीय निशा कुमारी के रूप में हुई है, जो पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया क्षेत्र की रहने वाली थी। वह मुज़फ्फरपुर में अपनी बहन के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के अनुसार, उसका सकरा थाना क्षेत्र के एक युवक से प्रेम संबंध था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से पहले दोनों करीब दो घंटे तक मंदिर परिसर के आसपास साथ बैठकर बातचीत करते रहे। इस दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर निशा के सिर में गोली मार दी।


गोली चलने की आवाज से मंदिर परिसर और आसपास का इलाका दहल उठा। मौके पर मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा और सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी के नेतृत्व में एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज के सामने सवाल खड़ा करती है कि क्या आज का प्रेम संबंध जुनून और असहिष्णुता में बदलता जा रहा है, जहां छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते हिंसा का रूप ले लेते हैं।