-मुजफ्फरपुर में 27 मार्च से पांच दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव, देशभर की टीमें देंगी प्रस्तुति
मुजफ्फरपुर। शहर के जिला स्कूल मैदान में 27 से 31 मार्च तक पांच दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में मुजफ्फरपुर के साथ-साथ जयपुर और लखनऊ की नाट्य टीमें अपने नाटकों की प्रस्तुति देंगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन चित्र प्रदर्शनी, मुखौटा प्रदर्शनी, कार्यशाला और रंग संवाद का भी आयोजन होगा।
यह जानकारी आकृति रंग संस्थान के तत्वावधान में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के सीनेटर डॉ. संजय कुमार सुमन ने दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में देश के कई चर्चित कलाकार और कला विशेषज्ञ भाग लेंगे, जिससे शहर के रंगकर्मियों और कला प्रेमियों को सीखने का अवसर मिलेगा।
संस्थान के संयोजक डॉ. सुनील फेकानिया ने बताया कि कार्यक्रम में सुजनी कला की प्रसिद्ध कलाकार पद्मश्री निर्मला देवी, लखनऊ के वरिष्ठ अभिनेता पद्मश्री डॉ. अनिल रेस्तोगी, मुंबई से इस्ट जोन कल्चर सेंटर के पूर्व निदेशक डॉ. ओम प्रकाश भारती, एनएसडी के चर्चित कलाकार अभिषेक मुद्गल, बीएचयू के विजुअल आर्ट विभाग की डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित अपनी टीम के साथ, एनएसडी के रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार महंती, एनएसडी पासआउट व बेगूसराय के कला-संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी तथा कलाकार शुभादीप राहा मुख्य रूप से शामिल होंगे।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रंग संवाद और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही आयोजन समिति की ओर से एक स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी, जिसका संपादन बिहार विश्वविद्यालय के पीजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुशांत कुमार करेंगे।
कार्यक्रम के तहत पहले दिन आकृति रंग संस्थान द्वारा ‘नटबख्खो’, दूसरे दिन जयपुर की रंगमस्ताने टीम द्वारा ‘महारथी’, तीसरे दिन मुजफ्फरपुर की किलकारी टीम का ‘तेतू’ तथा जयपुर की टीम का ‘आसमान जोगिया’, चौथे दिन लखनऊ की टीम द्वारा ‘आखिरी वसंत’ और अंतिम दिन आकृति रंग संस्थान द्वारा ‘सिविल लाइंस’ नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी।
प्रेसवार्ता को चित्रकार सुजीत कुमार और मनोज कुमार वर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर रंग निर्देशक स्वाधीन दास, कामेश्वर प्रसाद, वीरेन नंदा, बैजू कुमार, रमेश रत्नाकर, प्रमोद आजाद, सुमन वृक्ष, डॉ. संतोष सारंग, विनय कुमार, अशोक अंदाज, निशा साहू सहित बड़ी संख्या में कलाकार और रंगकर्मी उपस्थित थे।









