-मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में 10 लाख की लूट, हथियार के बल पर महिला को बनाया बंधक
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले में बेलगाम अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता से सामने आया है, जहां ‘गोल्डन हाउस’ नामक ज्वेलरी दुकान में घुसकर अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार अपराधी दुकान पर पहुंचे। अंदर घुसते ही उन्होंने हथियार लहराते हुए दुकान में मौजूद लोगों को कब्जे में ले लिया। इसी दौरान एक महिला ग्राहक भी दुकान पर पहुंची, जिसे अपराधियों ने बंधक बना लिया ताकि वह शोर न मचा सके।
अपराधियों ने दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए और कुछ ही मिनटों में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग सहम गए।

दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की तस्वीरें कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और दुकान मालिक सहित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी कर छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लूट की राशि करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।












