-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 2024 बैच के प्रशिक्षु IAS अधिकारियों की मुलाकात, साझा किए अनुभव
पटना, 31 मार्च 2026 | दीपक तिवारी:
Nitish Kumar से मंगलवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में 2024 बैच के बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न जिलों में किए गए कार्यों और अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
मुलाकात के दौरान विरूपाक्ष विक्रम सिंह, प्रिया रानी, कृष्णा जोशी, प्रेम कुमार, सैयद आदिल मोहसिन, अजय यादव, सूरज कुमार, विग्नेश टी.ए., जतिन कुमार, के. परीक्षित, महेश कुमार एवं कशिश बख्शी मौजूद रहे। इन प्रशिक्षु अधिकारियों में 3 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। इनकी पृष्ठभूमि विविध राज्यों से है, जिसमें बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु और झारखंड के अभ्यर्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव भविष्य की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बेहद उपयोगी होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों को धरातल पर उतारने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, सचिव अनुपम कुमार, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह एवं सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह भी उपस्थित थे।











