Advertisement

महाशिवरात्रि पर 251 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा, हरपुर में गूंजा ‘हर-हर महादेव’

–महाशिवरात्रि पर 251 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा, हरपुर में गूंजा ‘हर-हर महादेव’

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड अंतर्गत हरपुर स्थित बाबा शक्तिनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर कमिटी के तत्वावधान में 251 कन्याओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पूरे क्षेत्र का वातावरण शिवमय हो गया।
कलश यात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ की गई। कन्याएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ शोभायात्रा में शामिल हुईं। यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर मध्य विद्यालय हरपुर होते हुए पिलखी घाट तक पहुंची, जहां जल भरकर पुनः मंदिर में जलाभिषेक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय कुमार ने की। इस अवसर पर समिति के सदस्य विमलेश महतो, मुकेश कुशवाहा, श्याम कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, धर्मेंद्र साह, मुकुल कुमार, अजय कुमार, अमरेश ठाकुर एवं राजकुमार महतो सक्रिय रूप से मौजूद रहे।


सामाजिक सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। पीरापुर पंचायत के मुखिया गुड्डू कुमार, सिमरा पंचायत के मुखिया पवन पंडित, वरिष्ठ नागरिक नरेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने यात्रा में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और शिव स्तुति से माहौल भक्तिमय बना रहा। महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी।
मंदिर के पुजारी पंडित किरिश चंद्र झा ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक और भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, रविवार को शिव विवाहोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिव-बारात एवं विवाह की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी।
ग्रामीणों ने बताया कि यह कलश यात्रा वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जो क्षेत्र में धार्मिक एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देती है। श्रद्धालुओं का मानना है कि महादेव की आराधना से सुख-समृद्धि एवं शांति की प्राप्ति होती है।
इस प्रकार महाशिवरात्रि के अवसर पर हरपुर गांव पूरी तरह शिवभक्ति में लीन नजर आया और भक्तों की आस्था ने आयोजन को यादगार बना दिया।