Advertisement

बाइक सवार दो युवक नहर में गिरे, एक की मौत तो दूसरे की हालत गंभीर

-बाइक सवार दो युवक नहर में गिरे, एक की मौत तो दूसरे की हालत गंभीर

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

होली के दिन पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में एक हुए सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसा पताही थाना क्षेत्र में बलुआ नहर पुल के पास हुआ, जहां बाइक असंतुलित होकर सीधे नहर में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि पुल की रेलिंग पहले से टूटी हुई थी। जहां पहुंचते ही बाइक चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक समेत दोनों युवक पुल से नीचे नहर में गिर गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। मृत युवक की पहचान पताही पूर्वी पंचायत वार्ड नंबर 4 निवासी गांधी मंडल के रूप में हुई है। जबकि बाइक पर सवार दूसरे युवक चंपापुर गांव निवासी रंजीत कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उक्त दोनों युवक डुमरी से पताही की ओर बाइक से जा रहे थे। जब वे बलुआ नहर पुल के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुल की रेलिंग पहले से ही टूटी हुई थी। संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक सीधे पुल से नीचे नहर में जा गिरी। जिससे गांधी मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। व
बताया जाता है कि मृत गांधी मंडल पेशे से पुजारी थे। इलाके में धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ में सक्रिय रहते थे। उनकी मौत की खबर से परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत रंजीत कुमार को नहर से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।चिकित्सकों के अनुसार रंजीत कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।