–पुलवामा शहीदों की याद में कैण्डल मार्च, अक्षयवट राय नगर से हाजीपुर मुख्य मार्ग तक उमड़ा जनसैलाब
वैशाली/राजापाकड़।
पिछले वर्ष हुए पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को स्थानीय लोगों द्वारा भव्य कैण्डल मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान देशभक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
कैण्डल मार्च की शुरुआत अक्षयवट राय नगर स्टेशन से की गई। हाथों में मोमबत्ती और तिरंगा लेकर लोग शहीदों की याद में ‘भारत माता की जय’ और ‘अमर शहीद अमर रहें’ के नारे लगाते हुए पूरे बाजार का भ्रमण करते रहे। मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

यह मार्च बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए हाजीपुर-जनदाहा मुख्य मार्ग तक पहुंचा, जहां दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनका साहस देशवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।












