Advertisement

पहले धमकी, फिर हमला; मुठभेड़ में STF जवान शहीद, दो अपराधी ढेर

–पहले धमकी, फिर हमला; मुठभेड़ में STF जवान शहीद, दो अपराधी ढेर

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण चकिया थाना क्षेत्र के बुलाचक गांव में देखने को मिला। अपराधियों ने पहले पुलिस को फोन कर खुलेआम लाशें बिछाने की धमकी दी और उसके कुछ ही देर बाद पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार अहले सुबह करीब ढाई बजे पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में दो कुख्यात अपराधी ढेर हो गए। मारे गए अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है।


मुठभेड़ के दौरान बहादुरी से मुकाबला करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान श्री राम यादव शहीद हो गए। उनकी शहादत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को पहले ही अपराधियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों अपराधियों को मार गिराया।
घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हमले के पीछे किसी बड़े आपराधिक गिरोह का हाथ तो नहीं है।