Advertisement

धनबाद के बलियापुर में रामनवमी जुलूस पर पथराव, दर्जनों घायल, इलाके में तनाव

-धनबाद के बलियापुर में रामनवमी जुलूस पर पथराव, दर्जनों घायल, इलाके में तनाव

धनबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिखराजपुर गांव में अचानक हिंसा भड़क उठी। जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पत्थरबाजी में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं समेत स्थानीय लोगों को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि पत्थरबाजी में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।


घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।