–दिनदहाड़े जर्दा व्यवसायी से लूट, हथियार के बल पर साढ़े चार लाख नकद लेकर फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस
समस्तीपुर।
समस्तीपुर शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मुहल्ले में दिनदहाड़े नकाबपोश अपराधियों ने एक जर्दा व्यवसायी की दुकान में घुसकर हथियार के बल पर करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार तीन से चार की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधी बहादुर मॉडल इंटर स्कूल के पास स्थित राहुल इंटरप्राइजेज नामक जर्दा एजेंसी में घुस गए। अपराधियों ने दुकान मालिक, उसके कर्मचारी और एक ग्राहक को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया और दुकान में रखे करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद लूट लिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी आराम से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों के भागने की दिशा में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बहादुरपुर इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।










