-दरभंगा मेडिकल कॉलेज बनेगा हाईटेक, 1700 बेड बढ़ेगी क्षमता; 2500 बेड का होगा अत्याधुनिक अस्पताल
पटना, 6 मार्च।दीपक तिवारी।
बिहार में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए डबल इंजन की सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा काम शुरू किया गया है। योजना के तहत डीएमसीएच में 1700 अतिरिक्त बेड जोड़े जाएंगे, जिससे इसकी कुल क्षमता करीब 2500 बेड तक पहुंच जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दरभंगा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल शिक्षा को भी विस्तार दिया जाएगा। इसके तहत 250 छात्रों के नामांकन की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले तीन वर्षों के भीतर इस परियोजना को पूरा कर लिया जाए, ताकि दरभंगा समेत पूरे उत्तर बिहार के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा अस्पताल:
डीएमसीएच को विश्वस्तरीय अस्पताल की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां मरीजों के बेहतर इलाज के लिए आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। अस्पताल में 400 बेड का सर्जिकल वार्ड बनकर तैयार हो चुका है, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तर बिहार के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरभंगा मेडिकल कॉलेज उत्तर बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
पीएमसीएच में भी बढ़ाई गई सुविधाएं:
राजधानी पटना में भी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। हाल ही में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में 1117 बेड वाले दो नए टावर अस्पताल भवन का संचालन शुरू किया गया है, जहां आंख, कान, गला, गैस्ट्रो सहित कई बीमारियों के इलाज के लिए वर्ल्ड क्लास सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सरकार का दावा है कि बिहार अब स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अन्य विकसित राज्यों की तर्ज पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे राज्य के लाखों लोगों को बेहतर इलाज और उच्च चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा।








