Advertisement

तीसरे दिन टूटा रतवारा पुल को लेकर आमरण अनशन, DM के आश्वासन और जनप्रतिनिधियों की पहल लाई राहत

-तीसरे दिन टूटा रतवारा पुल को लेकर आमरण अनशन, DM के आश्वासन और जनप्रतिनिधियों की पहल लाई राहत

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक तिवारी।

रतवारा-ढोली घाट पर वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आमरण अनशन आखिरकार तीसरे दिन समाप्त हो गया। अनशनकारियों ने मुजफ्फरपुर डीएम से मोबाइल पर मिले भरोसेमंद आश्वासन, एसडीएम (पूर्वी) के लिखित भरोसे, तिरहुत स्नातक क्षेत्र के एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और युवा नेत्री कोमल सिंह की सक्रिय पहल के बाद अनशन समाप्त किया।

शुक्रवार को दोपहर बाद अनशनकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ बंशीधर ब्रजवासी और कोमल सिंह डीएम कार्यालय पहुंचे। वहां डीएम से सीधी वार्ता की गई। प्रतिनिधियों में शामिल श्याम किशोर एवं अवधेश कुशवाहा ने बताया कि अधिकारियों ने भरोसेमंद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसडीओ द्वारा लिखित पत्र भी सौंपा गया। बंशीधर ब्रजवासी ने भरोसा दिलाया कि वे सरकार, सदन और विभागीय मंत्रालय से समन्वय कर पुल निर्माण कार्य को चुनाव से पहले शुरू करवाने की पूरी कोशिश करेंगे।

इससे पूर्व अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अनशन स्थल पर सभी अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। हालांकि, जन आक्रोश की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लोगों ने “पुल नहीं तो वोट नहीं” के नारे भी लगाए।

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह अनशनकारियों की तबियत बिगड़ने लगी थी। कई अनशनकारियों का बीपी और शुगर लेवल गिर गया, साथ ही कमजोरी व पानी की कमी से हालत चिंताजनक हो गई थी। बंदरा सीएचसी प्रभारी डॉ. नौशाद की देखरेख में अनशनकारियों को स्लाइन चढ़ाई गई और दवाएं दी गईं।

हालांकि, खराब तबीयत के बावजूद अनशनकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे और सरकार से ठोस पहल की मांग करते रहे।

#रतवारा_पुल_आंदोलन
#अनशन_समाप्त
#बंशीधर_ब्रजवासी
#कोमल_सिंह
#पुल_नहीं_तो_वोट_नहीं
#DM_का_आश्वासन
#बंदरा_मुजफ्फरपुर
#RatwaraBridgeDemand
#MuzaffarpurNews
#जनआंदोलन_की_जीत