-जहरीली शराब कांड का गाजियाबाद कनेक्शन, मुख्य आरोपी लवकुश गिरफ्तार
– कंपनी संचालक की तलाश में पुलिस जुटी, गोरखपुर के रास्ते से पहुंचाई गई थी मेथनाल स्प्रीट
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
जिले में जहरीली शराब से हुई 10 लोगों की मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज कांड का मुख्य आरोपी लवकुश यादव को तुरकौलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जहरीली स्प्रीट की सप्लाई का पूरा नेटवर्क उसी के इर्द-गिर्द संचालित हो रहा था।
पुलिस के अनुसार, लवकुश यादव ने गाजियाबाद स्थित एक कंपनी से जहरीली स्पिरिट मंगाई थी, जिसे गोरखपुर के रास्ते मोतिहारी लाया गया। इसके बाद इस खतरनाक स्प्रीट को जहरीली शराब कांड के मास्टरमाइंड कन्हैया यादव को बेचा गया। जिसके जरिए अवैध शराब तैयार कर बाजार में खपाने की योजना थी।

– पूर्वी चंपारण जिले भर में थी सप्लाई की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने जहरीली स्प्रीट से बड़े पैमाने पर शराब बनाकर जिले में सप्लाई करने की साजिश रची थी, जिससे भारी तबाही हो सकती थी। हालांकि, इस अवैध खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गए।
लवकुश यादव की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस गाजियाबाद की उस कंपनी मालिक की तलाश में जुट गई है, जहां से स्पिरिट मंगाई गई थी। आरोपी की निशानदेही पर एसआइटी की टीम उत्तर प्रदेश और दिल्ली में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर अवैध शराब के कारोबार और उसकी भयावह सच्चाई को उजागर करती है, जिसने कई परिवारों को उजाड़ दिया है।











