Advertisement

जनसुनवाई में संवेदनशील दिखे DM, विधवा महिला को पेंशन और जमीन दिलाने का दिया निर्देश

-जनसुनवाई में संवेदनशील दिखे DM, विधवा महिला को पेंशन और जमीन दिलाने का दिया निर्देश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान काफी संवेदनशील नजर आए। उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को कॉल कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

जनसुनवाई के दौरान रेखा देवी नाम की एक गरीब विधवा महिला डीएम के पास पहुंची। महिला ने बताया कि उसके पास न घर है न जमीन। वह जमीन के लिए आवेदन लेकर आई थी। बातचीत में डीएम ने पूछा कि क्या उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलती है, तो महिला ने मना कर दिया।

इस पर डीएम ने तुरंत अपने ओएसडी को बुलाकर महिला को सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पास भेजा और पेंशन योजना में नाम जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही अंचल अधिकारी सदर से फोन पर बात कर अभियान बसेरा के तहत जमीन उपलब्ध कराने को कहा।

इसी तरह कल्याणपुर की विमला देवी ने दाखिल-खारिज में परेशान किए जाने की शिकायत की। डीएम ने जनसुनवाई के दौरान ही कल्याणपुर सीओ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात की और व्हाट्सएप पर आवेदन भेजकर नियमानुकूल कार्रवाई का निर्देश दिया।

पकड़ीदयाल के अजगरवा गांव के संतोष सिंह का मामला जमाबंदी सुधार का था। उन्होंने बताया कि बंटवारा होने के बाद भी जमाबंदी एक ही है। डीएम ने पकड़ीदयाल सीओ से बात कर शीघ्र सुधार का निर्देश दिया। वहीं पताही के रामाधार साहनी ने सरकारी पोखर में मछली मारने से रोके जाने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने उप विकास आयुक्त को जांच का आदेश दिया।

आज की जनसुनवाई में कुल 14 आवेदन आए, जिन पर डीएम ने बारी-बारी से सुनवाई कर समाधान का भरोसा दिलाया।