-घर में खेल रहे बच्चे को सांप ने काटा,आक्रोशित ग्रामीणों ने खदेड़कर मार डाला
बन्दरा। दीपक।
प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र भराव टोला गांव में बुधवार की देर शाम घर में खेल रहे बच्चे को जहरीले सांप ने डंस लिया। जिसे इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद नाराज हुए परिजनों एवं ग्रामीणों ने सांप को खोज कर मार डाला। स्थानीय वार्ड सदस्य अनीता देवी, संजय राम,उदय सिंह एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि समस्तीपुर जिले के गोराई गांव के राजेश राम का पुत्र प्रिंस(5) भराव टोला गांव में ननिहाल उमेश राम के यहां 2 दिन पहले आया था। बुधवार की देर शाम वह अपने घर में खेल रहा था।
इसी दौरान अचानक बिजली कट गई और खेल रहे बच्चे प्रिंस को जहरीले सांप ने कांधे पर काट लिया। घटना के बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर जा रहे थे। तभी (आधे घंटे के अंदर) रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों एवं ग्रामीणों के द्वारा सर्पदंश के बाद भाग रहे सांप को खदेड़कर मार डाला गया। परिजनों ने बताया कि सांप और बच्चे के साथ दोनों को एक साथ संस्कार किया जाएगा। घटना की जानकारी के बाद सांप एवं मृत बच्चे को देखने के लिए लोगों की भीड़ देर रात तक गांव में जमी हुई थी।