-कल्याण वाटिका निर्माण का शुभारंभ, प्रकृति संरक्षण के सामूहिक संकल्प को मिली नई दिशा
मुजफ्फरपुर। वसुधा कल्याण आश्रम परिवार की ओर से ‘कल्याण वाटिका’ निर्माण के शुभारंभ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आश्रम परिवार के स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और संघभाव के साथ प्रकृति संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार रहे, जबकि अध्यक्षता रामदयालु सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शशिभूषण कुमार ने की। कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ महाविद्यालय परिवार के सदस्यों की भी सहभागिता रही।
वसुधा कल्याण आश्रम के प्रतिष्ठाता आचार्य पावन महाराज ने कार्यक्रम की सफलता के लिए आश्रम परिवार के सभी स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने मुख्य अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष, सीआरपीएफ के अधिकारियों और महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति श्रद्धा, समर्पण और संरक्षण का सामूहिक संकल्प समाज को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई प्रेरणा देगा।

उन्होंने कहा कि ‘कल्याण वाटिका’ केवल पौधारोपण का प्रयास नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति मनुष्य के दायित्व और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम के दौरान प्रकृति को गुरु मानते हुए उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।
आचार्य पावन महाराज ने कहा कि सेवा, समर्पण और संघभाव के साथ वसुधा कल्याण आश्रम परिवार का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने संदेश दिया—“प्रकृति ही गुरु है।”












